रोडवेज बस की चपेट में आकर छात्र गंभीर, ग्रामीणों ने लगाया जाम

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। रोडवेज बस की चपेट में आकर छात्र घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना से गुस्सायें ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर बमुश्किल जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गाँव शिवरई बरियार निवासी कार्तिक उम्र 8 वर्षीय पुत्र स्व0 शिवम शाक्य जो की एसवी आदर्श पब्लिक स्कूल दत्तू नगला में कक्षा 1 का छात्र है। उसकी बड़ी बहन छाया उसी विद्यालय में कक्षा 5 की छात्रा है। सोमवार सुुबह करीब 10 बजे दोनों अपने बाबा सुरेशचन्द्र के साथ साइकिल पर बैठकर स्कूल पढऩे आ रहे थे। घना कोहरा होने के कारण सुरेशचंद्र साइकिल को धीमी गति से चला रहे थे। जैसे ही वह कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर कैसर खॉ के अडडे के पास पहुँचे, तभी फर्रुखाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कौशाम्बी डिपो की बस संख्या-यू.पी.एल.एन.2061 ने सामने से उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे सुरेशचंद्र व दोनों बच्चे सडक़ पर गिर गये। रोडवेज का पहिया कार्तिक की कनपटी को रगड़ता हुआ निकल गया। जिससे उसका चेहरा बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। घटना के बाद रोडवेज चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, अपराध निरीक्षक कामिल खाँ, कस्बा चौकी इन्चार्ज सोमवीर सिंह, मण्डी चौकी इन्चार्ज बलवीर सिंह, कांस्टेबिल विजय गूर्जर, कांस्टेबिल धर्मेन्द्र कुमार तिवारी, कांस्टेबिल सचिन, कांस्टेबिल पुष्पेन्द्र ने पहुँचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर गम्भीर रुप से घायल छात्र को सीएचसी में भर्ती कराया। छात्र की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सक डॉ0 विपिन कुमार व डा0 अमरेश कुमार ने लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। जाम के कारण घंटों यातायात बाधित रहा।

डीएम के आदेश की प्राइवेट स्कूल संचालक उड़ा रहे धज्जियां

जिलाधिकारी के आदेश की धज्जियां प्राइवेट स्कूल संचालक कैसे उड़ा रहे हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिलाधिकारी द्वारा 22 व 23  दिसंबर को कक्षा 1 से कक्षा 12  तक के स्कूलों की छुट्टी करने के बाद भी प्राइवेट स्कूल संचालक स्कूल खोलकर जिलाधिकारी के आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। जिससे लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि ऐसे स्कूल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए।

क्या बोले स्कूल संचालक

आर.बी. एकेडमी के प्रबंधक प्रबंधक विदित शाक्य ने बताया कि आदेश की देरी से जानकारी मिलने के कारण स्कूल खुल गया था, लेकिन बाद में बंदकर दिया गया। वहीं टी.आर.पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजकुमार ने बताया कि विद्यालय में परीक्षायें चल रही हैं। अवकाश की सूचना देर से मिली। उसके बाद विद्यालय बंद कर दिया गया।

बाले जिम्मेदार……..

इस संबंध में उप जिलाधिकारी कायमगंज अतुल कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि अवकाश की सूचना पहले ही जारी की जा चुकी थी। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में आदेश के बावजूद शिक्षण कार्य कराया गया है उनकी जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आदेश का पालन न करने वाले विद्यालय के प्रबंधकों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *