फर्रुखाबाद/मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने नलकूप व परचून दुकान से हजारों का सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदाबाद के खिमसेपुर में चोरों ने एक परचून की दुकान और एक निजी नलकूप को निशाना बनाया। इन वारदातों में हजारों रुपये की नकदी और सामान चोरी हो गया। चोरी की एक घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस को अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नगर पंचायत खिमसेपुर के वार्ड नंबर 8 अवंती बाई नगर ज्योता रोड पर रोशन लाल के परचून के खोखे को अज्ञात चोरों ने बीती रात निशाना बनाया। चोर खोखे का ताला तोडक़र उसमें से 2000 रुपये नकद और लगभग 8000 रुपये का सामान चुरा ले गए। यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सुबह शौच के लिए जा रहे ग्रामीणों ने रोशन लाल की दुकान खुली देखी और उन्हें इसकी सूचना दी। रोशन लाल ने तत्काल डायल 112 पर कॉल किया। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने चौकी प्रभारी जसवीर सिंह को सूचित किया। जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसी क्षेत्र में रोशन लाल की दुकान से लगभग 800 मीटर दूर खेतों में लगे नगला सुर्जन निवासी अरविंद पुत्र आलम सिंह के निजी नलकूप को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोर नलकूप का ताला तोडक़र वहां से लगभग 50 किलोग्राम लेजम पाइप चुरा ले गए। चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि उन्हें चोरी की इन घटनाओं की जानकारी मिली है, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
नलकूप और खोखे से हजारों की चोरी, घटना सीसीटीवी में कैद
