यूपी में न्यूयॉर्क से ज्यादा शराब की दुकानें: अखिलेश यादव

समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार नहीं चाहती है कि लोग पढ़ाई करें इसलिए स्कूल बंद किए जा रहे हैं, शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। इस सरकार ने पिछड़ों का हक छीन लिया है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे अहम मुद्दों को लेकर योगी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सरकार नहीं चाहती कि लोग पढ़ें समझें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरकार पीडीए पाठशाला में पढ़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पाठशाला वालों के खिलाफ तो अंग्रेजों ने भी अत्याचार नहीं किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अच्छे दिन लाने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने पिछड़ों का हक और सम्मान तक छीन लिया। 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी आरक्षण के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जो स्कूल कोविड और अन्य वजहों से बंद किए थे, वे आज तक शुरू नहीं किए गए हैं। शराब की दुकानें हर मोहल्ले में खोल दी गई हैं, लेकिन स्कूल अब तक ताले में बंद हैं। यूपी में न्यूयॉर्क से ज्यादा शराब की दुकानें हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार की प्राथमिकता में शिक्षा नहीं बल्कि नशा है, और इससे साफ होता है कि उसे आम जनता के भविष्य से कोई सरोकार नहीं है। सपा अध्यक्ष ने पीडीए (पढ़ाई, दस्तक और आवाज) पाठशालाओं में पढ़ाने वाले युवाओं के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। ये वो नौजवान हैं जो गरीब बच्चों को फ्री में पढ़ाते हैं। उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। अंग्रेजों ने भी पाठशाला चलाने वालों पर ऐसा अत्याचार नहीं किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *