
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर के मुख्य मार्गों पर जाम जैसे हालात प्रतिदिन देखे जा रहे हैं। कारण साफ है धनतेरस तथा दिवाली का त्यौहार। दोनों त्यौहार नजदीक आते ही शमशाबाद बाजार में जहां एक ओर आम लोगों की आमद बढ़ गई, वहीं दूसरी ओर व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों द्वारा फैलाया गया अतिक्रमण जिससे जाम के हालात और भी विकराल होने लगे हैं। बताते हैं वर्तमान में जहां एक ओर धनतेरस का त्यौहार नजदीक है, वहीं दूसरी ओर दीपावली का त्यौहार भी नजदीक है। दोनों त्योहारों की नजदीकियों को देखते हुए शमशाबाद में भीड़भाड़ का माहौल बढऩे लगा है। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सामान की खरीदारी करने लगे हैं। नगर में सडक़ किनारे फुटपाथ पर ठेली लगाकर दो वक्त की रोजी रोटी कमाने वाले लोग भी अतिक्रमण तथा जाम का कारण बनने लगे हैं। परिणाम जो फुटपाथ पैदल आने जाने वाले लोगों के लिए बनाया गया था उस फुटपाथ पर गरीबों को प्रतिष्ठान सजाकर विक्रय करते हुए देखा गया। नगर के छोटे बड़े व्यापारी भी विक्रय के सामान को फुटपाथ पर फैलाने लगे। अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रही सडक़ की बात तो सडक़ पर वाहनों का आवागमन इतना बढ़ गया है कि आए दिन जाम जैसे हालात देखे जा रहे हैं। बुधवार को ढाईघाट शमशाबाद मार्ग पर अचानक भीड़भाड़ का माहौल हो गया। जिससे दोनों तरफ वाहनों से जाम लग गया। उसी दौरान जा रही एंबूलेंस भी जाम में फंस गयी। जो काफी देर तक फंसी रही। जाम खुलवाने के लिए तमाम प्रयास किए गए, लेकिन जाम नहीं खुला। लोगों की आपसी सूझबूझ के बाद कड़ी मशक्कत से जाम खुल सका। पुलिस तथा नगर पंचायत कर्मियों द्वारा समय-समय पर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देकर हटाया तो गया, चेतावनी का ज्यादा दिनों तक असर नहीं रहा। अतिक्रमण हटने के बाद तीसरे दिन फिर अपने उसी रूप में आ गया। जिसे आज भी नगर के मुख्य मार्गों पर देखा जा रहा है। लोगों का कहना था जब तक सडक़ किनारे अतिक्रमण नहीं हटाया जाता तब तक जाम के हालात यूं ही बने रहेंगे।
