बिहार: बाहुबली अनंत सिंह के काफिले पर हमला, की गई 60 से 70 राउंड फायरिंग

बिहार के मोकमा में पूर्व विधायक और बाहुबली अनंत सिंह के काफिले पर हमला हुआ है. सोनू-मोनू गैंग के शूटरों ने अनंत सिंह के काफिले पर करीब 60-70 राउंड फायरिंग की है. हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. यह हमला उस समय हुआ जब अनंत सिंह नौरंगा जलालपुर गांव में लोगों की समस्या सुनने जा रहे थे. इस घटना के बाद मोकामा में तनाव का माहौल है. भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह शूटआउट वर्चस्व को लेकर हुआ है. बाहुबली अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच टकराव चल रहा है. हालांकि, बाहुबली के जेल से रिहा होने के बाद दोनों के बीच कुछ समय के लिए रिश्तों में सुधार भी हुआ था. इस गैंगवार के पीछे क्या कारण है, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस घटनास्थल पर जांच कर रही है और गोलीबारी करने वालों की तलाश की जा रही है.

मौके से रवाना हुए छोटे सरकार

गोलीबारी की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पूरे इलाके ही नहीं, पुलिस और प्रशासन के बीच भी तनाव की स्थिति बन गई. आनन फानन में राजधानी से भारी संख्या में पुलिस को साथ लेकर बाढ़ के एएसपी मौके पर पहुंचे. इसके बाद अनंत सिंह को तो उनके काफिले के साथ वहां से रवाना कर दिया गया. वहीं पुलिस मौके पर जांच पड़ताल में जुट गई है. एएसपी राकेश कुमार के मुताबिक मौके से ढेर सारे खोखे बरामद किए गए है.

पांच महीने पहले जेल से बाहर आए अनंत सिंह

उन्होंने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अभी तक इस घटना में किसी के घायल होने या मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है. बता दें कि 14 अगस्त को पटना हाईकोर्ट ने AK-47 और आवास से बुलेट प्रूफ जैकेट मिलने के मामले में उन्हें बरी किया था. इसके बाद उनके खिलाफ पुलिस के पास कोई लंबित मामला नहीं था. ऐसे में उन्हें पिछले साल 16 अगस्त को जेल से आजादी मिली थी और वह बाहर आ गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *