बाइकर्स लुटेरों ने महिला की चेन तोड़ी, महिला ने एक लुटेरे को पकड़ा

 भीड़ ने जमकर की मारपीट, बाद में पुलिस को फोन कर सौंपा
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। बाइक सवार लुटेरों ने महिला के गले से जंजीर खींच ली। महिला ने एक लुटेरे का हाथ पकडक़र खींच लिया। जबकि साथी मौके से फरार हो गया। भीड़ ने एक लुटेरे को मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया। महिला ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद एटा की कोतवाली अलीगंज के मोहल्ला राधा किशन निवासी सोनी बाथम अपनी बहन अनीता व पुत्र प्रियांशू के साथ शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे रक्षाबंधन का पर्व मनाने के लिए कम्पिल के मोहल्ला कहारान टोला स्थित मायके आईं थी। वह मुख्य चौराहे पर खड़ी होकर भाई का इंतजार कर रही थी। उसी समय अलीगंज की तरफ से आए दो बाइक सवार लुटेरों ने महिला के गले में पड़ी सोने की जंजीर व मंगल सूत्र को झपट्टा मारकर खींच लिया। महिला ने बाइक सवार लुटेरे का झोला पकड़ कर खींच लिया। जिससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर गए। इसी दौरान एक लुटेरा मौके से फरार हो गया, जबकि एक को भीड़ ने दबोचकर मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस एक लुटेरे को बाइक सहित थाने ले आई। पुलिस छानबीन में लुटेरे के बैग से एक चार्जर, एक स्क्रू ड्राइवर, एक जोड़ी पुराने कपड़े सहित अन्य सामान निकला। महिला ने स्वजनों के साथ थाने पहुंचकर घटना के संबंध में थाना प्रभारी को जानकारी दी। पुलिस ने मुख्य बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *