कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के गांव गौसपुर में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी थी। जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोली एक युवक के बगल से गुजर गई। जिससे बड़ी घटना होने से बच गयी।
जानकारी के अनुसार गांव गौसपुर निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र स्व0 मुकील हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व मुंबई में उसके बड़े भाई शकील व सलमान पर गांव के मान, अरशद, वसीम, शादाब आदि ने जानलेवा हमला किया था। जिसकी रिपोर्ट मुंबई में दर्ज है। तब से आरोपी लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं। सद्दाम ने बताया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे उसका भाई सलमान गांव में मिस्त्री बुलाने गया था, तभी मान, अरशद, वसीम, सलमान उर्फ गोगा, दिलशाद उर्फ शिवलू, महराज, बसर के अलावा 7-8 अज्ञात लोगों ने रास्ते में रोक लिया। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मुकदमे में समझौता करने का दबाव डाला। जब सलमान ने मना किया, तो अरशद ने अवैध असलहे से फायर कर दिया। गोली सलमान के बगल से निकल गई। जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद हमलावरों ने ईंट-पत्थर भी चलाए। पीडि़त पक्ष ने थाना कमालगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया पीडि़त की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो कि जहानगंज के रास्ते भागने की फिराक में थे। मामले की तह तक जाने के लिए उनसे पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
गोली मारने में दो भाइयों सहित 15 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तीन हिरासत में
