
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। बंद पड़े तंबाकू व्यापारी के मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने हजारों की नगदी तथा सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिये। सीओ कायमगंज तथा फिंगरप्रिंट टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर के मोहल्ला फतेह चंद निवासी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ नीतू गुप्ता पुत्र सुमन प्रकाश गुप्ता के बंद पड़े मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब उनकी भतीजी सुबह अपने घर से बाहर निकल रही थी। इस दौरान जब पीडि़त के घर का मुख्य गेट का ताला टूटा देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसी दौरान तंबाकू व्यवसाई के पुत्र श्याम गुप्ता ने भी जब यह नजारा देखा, तो उसके भी होश उड़ गए, क्योंकि अंदर सामान बिखरा हुआ था। घटना की सूचना पुत्र श्याम द्वार पीडि़त तंबाकू व्यापारी को दी गयी जिस पर मौके पर पहुंचे तंबाकू व्यापारी ने घटना की जांच पड़ताल की। बताया गया है तंबाकू व्यापारी कृष्ण कांत गुप्ता तीन भाई हैं। तीनों भाई एक ही सम्मिलित मकान में रह रहे थे लेकिन कुछ दिनों पूर्व आपसी बंटवारा हो जाने के कारण बड़े भाई गुड्डू तथा छोटे भाई दीपक अलग-अलग बंटवारे के मकान में रह रहे थे, जबकि तंबाकू व्यवसायी के घर ताला पड़ा था। वह किराए के मकान में रह रहे थे। जिसका अज्ञात चोरों ने लाभ उठाया। तंबाकू व्यापारी के अनुसार अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ घर के अंदर दाखिल हुए तथा अलमारी आदि के ताले तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी की इस घटना में 65000 की नगदी सोने की दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र वजन लगभग 18 ग्राम तथा घरेलू सामान चुरा ले गए। घटना की सूचना शमशाबाद थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जांच पड़ताल करते हुए सूचना उच्चाधिकारियों को दी बाद मौके पर पहुंचे सीओ कायमगंज ने जांच की। वहीं जनपद से आई फिंगरप्रिंट टीम के सदस्यों ने भी जांच पड़ताल कर नमूने एकत्रित किए। वहीं तंबाकू व्यापारी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। ——————————–
