कंपिल/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। सडक़ के किनारे पेेशाब कर रहे बालक को स्कार्पियो कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला गंगा टोला निवासी अशोक शाक्य का चार वर्षीय पुत्र शुक्रवार दोपहर घर के बाहर सडक़ किनारे पेशाब कर रहा था। गंगा रोड पर बाजार की तरफ से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो कार ने मासूम के टक्कर मार दी। कार का पहिया मासूम के ऊपर से निकल गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने कार के शीशे तोडक़र चालक को नीचे उतार लिया और जमकर पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से चालक को बचाया। पुलिस के समझाने के बाद भीड़ शांत हुई। पुलिस कार व चालक को थाने ले गई। स्वजन आनन-फानन में मासूम को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज ले गए। जहां डाक्टर ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही स्वजन चीत्कार करने लगे। सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव पीएम हेतु भेज दिया। मृतक दो भाइयों शुभ से छोटा था। मृतक की मां निशा का रो रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया शव पीएम हेतु भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कारवाई की जाएगी।
स्कार्पियो की टक्कर से बालक की मौत
