
केयरटेकर हर माह निकाल रही वेतन
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ग्राम पंचायत का सामुदायिक शौचालय भले ही काफी दिनों से बंद पड़ा हो, लेकिन यहां तैनात केयरटेकर हर महीने अपना वेतन निकाल रहे हैं।
नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत नगला केल में सरकार द्वारा लाखों रुपया खर्च करके जनता के हित के लिए सामुदायिक शौचालय बनाए गए। जहां सरकार के नियमावली के अनुसार सामुदायिक शौचालय सुबह 4.00 बजे से सुबह 10.00 बजे तक खुला रहना चाहिए तथा शाम 4.00 बजे से लेकर रात 8.00 बजे तक शौचालय खुला होने का प्रावधान है, लेकिन ऐसा नहीं देखा जाता है। वहीं ग्राम पंचायत नगला केल में ग्रामीणों के मुताबिक जब से सामुदायिक शौचालय बना है तब से आज तक खुला ही नहीं है। जो जर्जर अवस्था में खड़ा है। ग्रामीणों से जानकारी करने पर पता चला कि सामुदायिक शौचालय पर तैनात केयर टेकर एक महिला है। जो ब्राह्मण समाज से आती है। जो आज तक सामुदायिक शौचालय के नजदीक तक नहीं गई, लेकिन समूह से संबंधित महिला होने के कारण उसे केयरटेकर की नौकरी तो मिल गई, लेकिन अब उच्च जाति से वास्ता रखने वाली महिला कैसे इस काम को अंजाम दे सके। इस कारण सामुदायिक शौचालय हमेशा ही बंद रहता है। जब इस बाबत विकास खंड अधिकारी गगनदीप सिंह से जानकारी की गई, तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
