अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में नव विवाहित पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम लीलापुर निवासी 24 वर्षीय शशांक पुत्र अनिल एवं उसकी 22 वर्षीय पत्नी अंशू देवी ने घरेलू कलह के चलते गांव से 200 मीटर की दूरी पर आम के पेड़ में दुपट्टे एवं साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा शराब पीने का आदी था। जिसके चलते घर में कलह होती रहती थी। कई बार मारपीट की नौबत आई।
आज दोनों ने इसी कलह के चलते फांसी लगा ली। मृतक अपने पीछे एक चार माह का बच्चा छोड़ गया। इनकी शादी दो वर्ष पहले ग्राम सफुद्दीनपुर शाहाबाद हरदोई से हुई थी। दंपति द्वारा फांसी लगा लेने की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना अध्यक्ष उनकी टीम एवं फील्ड यूनिट, क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस द्वारा उच्च अधिकारियों के आने की संभावना को लेकर पंचनामा की कार्रवाई रुकी हुई थी। समाचार लिखे जाने तक पंचनामा के लिए मृतकों की डेड बॉडी को भेजा नहीं गया था। दोनों की मौत पर गांव से लेकर पड़ोसी गांव तक सन्नाटा छा गया। सैकड़ों की तादाद में लोग मौके पर इक_ा हो गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल था कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो नव विवाहित दंपति ने एक साथ फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।