शमसाबाद, समृद्धि न्यूज। कायमगंज-फर्रुखाबाद रोड के किनारे अधेड़ का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार को कायमगंज-फर्रुखाबाद रोड पर ठंडी कुइयां के पास फुटपाथ पर एक अधेड़ का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त राकेश कुमार कटियार (45) निवासी ग्राम किसरोली थाना शमशाबाद के रूप में की। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिलख-बिलख कर रोने लगे। मृतक राकेश कुमार कटियार की पत्नी ममता, पुत्र रिशू उम्र लगभग २२ वर्ष व साजन उम्र लगभग १८ वर्ष बतायी जा रही है। मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान थे। पूरा शरीर खून से सना था। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक शराब पीने का आदी था। अधिक शराब पीने के कारण उसका अपनी पत्नी से आये दिन विवाद होता रहता था। बीती शाम भी पति पत्नी में झगड़ा हुआ था। जिस पर पति घर से भाग गया था। मृतक मूल रुप से चॉदपुर का रहने वाला है। मृतक चॉदपुर में अपनी जमीन भी बेच चुका है। वहीं लोगों का कहना है कि शराब के नशे में किसी वाहन से टकराकर उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
सडक़ के किनारे पड़ा मिला अधेड़ का शव
