खेत में पड़ा मिला युवक का शव

नवाबगज, समृद्धि न्यूज़। नगर के मझना मार्ग स्थित बघार पुल के पास बुधवार सुबह करीब 7 बजे खेत में एक युवक का शव पड़ा मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं मृतक की पहचान जलालाबाद, शाहजहांपुर के मोहल्ला नौसारा निवासी राजीव (39) पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई। वह पेपर बांटने का काम करते थे। मृतक की जेब से मिले पर्स से यह पहचान संभव हुई। युवक की बाइक भी मंझना पुल के नीचे पड़ी मिली।

सुबह खेत गए लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसआई रामसिंह, कांस्टेबल हर्षित चौहान, अनिल शर्मा और कमल गंगवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया।

मृतक राजीव के परिवार में उनकी पत्नी पंखी देवी, पुत्री गुनगुन (18), और पुत्र आर्यन (16), सूर्यांश (13), शिवांश (8), तनिष (5) हैं। राजीव नवाबगंज बाईपास पर अपने दोस्त छोटे लाला के ढाबे के उद्घाटन में शामिल होने आए थे। रात करीब 8 बजे वह घर के लिए निकले थे।

जब राजीव घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने रात में ही उनकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *