लखनऊ, समृद्धि न्यूज। हाईकोर्ट परिसर में घुसकर महिला को पकडऩा पुलिसकर्मियों के लिए भारी पड़ गया। डीसीपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। हाईकोर्ट परिसर में बिना पास व संगठित तरीके से अधिवक्ता के चैम्बर में दबिश डालने वाले तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ रजिस्ट्रार व अधिवक्ता की तरफ से विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जानकारी आने पर उन सभी को पुलिस उपायुक्त पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त (चौक) को सौंपी गई है। गो तस्करी के मामले में आरोपी महिला की तलाश में दो दरोगा और एक सिपाही सोमवार दोपहर हाईकोर्ट पहुंचे। इसके बाद एक अधिवक्ता के चैंबर में घुसकर महिला को पकडऩे का प्रयास करते हुए धमकाया। पुलिसवालों के इस तरह दबिश देने का विरोध करते हुए अधिवक्ताओं ने उन्हें घेर लिया। विभूतिखंड थाने की पुलिस के पहुंचने पर प्रकरण शांत हुआ। इसके बाद दोनों दरोगाओं व सिपाही के खिलाफ विभूतिखंड थाने में अलग-अलग एफआईआर कराई गई। मामले की जानकारी पर डीसीपी ने तीनों को निलंबित कर दिया। मामला 19 जनवरी 2026 का है।
अधिवक्ता सज्जाद हुसैन ने आरोप लगाया कि दारोगा उस्मान खान, दारोगा लाखन सिंह व कांस्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह, काकोरी थाने के मुकदमे की विवेचना के दौरान बिना विधिक अनुमति हाईकोर्ट परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि तीनों पुलिसकर्मी अनाधिकृत रूप से एडवोकेट चैम्बर संख्या सी-515ए ब्लाक-सी में घुसे और अधिवक्ता गुफरान सिद्दीकी व उनके साथ आमिना खातून को पकडऩे का प्रयास किया। आरोप है कि जब उन्होंने पुलिसकर्मियों को रोका तो उन्होंने धौंस जमाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद उन्होंने तत्काल सुरक्षा रजिस्ट्रार हाईकोर्ट और हाईकोर्ट चौकी प्रभारी को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों ने तीनों पुलिसकर्मियों को हाईकोर्ट पुलिस चौकी के सिपुर्द कर दिया। दोनों दरोगाओं और सिपाही को वहां से निकालकर मामला शांत कराया। निबंधक (सुरक्षा) द्वारा कराई गई प्रारंभिक जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आए। अधिवक्ता सज्जाद हुसैन और हाईकोर्ट के निबंध (सुरक्षा) शैलेंद्र कुमार ने तीनों के खिलाफ झूठी सूचना देना, आपराधिक अतिचार, धोखाधड़ी और धमकाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो देर रात ही डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीनों पुलिसवालों को निलंबित कर दिया।
हाईकोर्ट परिसर में दबिश डालने गए तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
