मंदिर परिसर में घुसे वन बिलार को कर्मचारियों ने पकड़ा

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। मंदिर परिसर में घुसे वन बिलार को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम उसे पकडक़र साथ ले गई। जिसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
नगर के जैन श्वेतांबर मंदिर परिसर में मंगलवार दोपहर एक वन बिलार घूम रहा था। परिसर में मौजूद पालतू कुत्ते ने उसको दौड़ा दिया। जिससे वह कमरे में जाकर घुस गया। मंदिर में मौजूद कर्मचारियों बंटी शर्मा, मुकुल, कमल व विनोद ने कड़ी मशक्कत के बाद उसको पकड़ लिया। कर्मचारियों ने वन बिलार को पकडक़र बोरी में बंद कर लिया। कर्मचारियों ने मामले की सूचना मंदिर ट्रस्ट के मंत्री पुखराज डागा को दी। उन्होंने मामले की सूचना वन विभाग टीम को दी। मौके पर पहुंचे वन विभाग के दारोगा शैलेश कुमार उसको अपने साथ ले गए। पुखराज डागा ने बताया मंदिर परिसर में पुराने पेड़ों पर तोते, पालतू बिल्लियां व अन्य छोटे जानवरों को उक्त वन बिलार ने मारकर खा लिया है। वन बिलार के पकड़े जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। पुखराज डागा ने कर्मचारियों के साहस की सराहना की। वन विभाग के दारोगा शैलेश कुमार ने बताया जानवर को पकड़ लिया गया है। उसको सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *