सूचना देने के बाद भी कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद विकास खंड के ग्राम पंचायत खगऊ गौशाला में बीमार पड़े गौवंश को कुत्तों ने नोंच-नोंच कर मौत के घाट उतार दिया। उसके बाद भी जिम्मेदार नहीं चेत रहे हैं। जब मीडियाकर्मी गौशाला पहुंचे, तो स्थित देख गांव के प्रधान को फोन किया। जिस पर प्रधान ने बाहर होने की बात कहकर मामले से पल्ला झाड़ लिया। उसके बाद सचिव का फोन लगाया गया। सचिव ने बीमार होने का बहाना बनाकर पल्ला झाड़ लिया। उसके बाद विकास खंड अधिकारी का फोन लगाया गया। उन्होंने कहा मैं अभी किसी को भेजकर दिखाता हूं। यदि कोई समस्या है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। फिर भी जब कोई मौके पर नहीं पहुंचा तो मीडिया कर्मियों ने मुख्य विकास अधिकारी के सीयूजी नंबर पर फोन लगाकर सूचना दी। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा मैं अभी किसी को भेजकर दिखवाता हूं। इतना कहकर फोन काट दिया। उसके बाद मौके पर 1 घंटे तक मीडिया कर्मी उपस्थित रहे, लेकिन मौके पर कोई अधिकारी कर्मचारी नहीं पहुंचा। वही गोपालक को किसी ने फोन करके सूचना दी। जिस पर गौपालक ने मृत पड़ी हुई गाय को उठाकर फावड़ से गड्ढा खोदकर गाडऩे लगे। जिसका वीडियो बनाकर भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है, क्योंकि गाय के मृतक होने पर नियमानुसार डॉक्टर आता है और उसका पोस्टमार्टम करता है। उसके बाद जेसीबी द्वारा गड्ढा खोदकर गाय को कम से कम 5 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया जाता है, लेकिन इस गौशाला में ऐसा कुछ नहीं होता है। यहां गाय को खींचकर किनारे डालकर ऊपर से फावड़े से मिट्टी डाल दी जाती है बाद में गाय को कौवे खाएं या कुत्ते। इस समय गौशाला के अंदर मौके पर पांच गाय मृतक पड़ी हुई थी तथा तीन गोवंश जो गंभीर अवस्था में तड़प रहे थे जिनके इलाज के लिए मौके पर कोई डॉक्टर नहीं गया। डॉक्टर का नंबर जानना चाहा तो वहां किसी ने नंबर नहीं बताया। जिसकी वजह से डॉक्टर से बात नहीं हो सकी। गोपालकों ने बताया 2 दिन पहले डॉक्टर दवाई देने आए थे।
