नई दिल्ली: दिल्ली में तेज आंधी-तूफान और बारिश के चलते एक बड़ा हादसा हो गया है। दक्षिणी दिल्ली के जाफरपुर कलां में एक कमरे पर पेड़ गिरने से तीन बच्चों समेत चार की मौत हो गई। बताया गया कि एक व्यक्ति मलबे में दबने से घायल हो गया है। उधर दिल्ली-एनसीआर में मौसम खराब होने के चलते करीब 100 फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। वहीं, फ्लाइट्स प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार की सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल रही हैं। वहीं बारिश की वजह से राजधानी दिल्ली में एक बड़ा हादसा हो गया। जिसमें चार लोगों की जान भी चली गई। दिल्ली के़ इलाके में मौजूद एक खेत में बने कमरे के ऊपर आंधी आने के कारण पेड़ गिर गया। घर के ऊपर पेड़ गिरने से उसमें मौजूद एक महिला और तीन बच्चों की दबकर मौत हो गई। वहीं महिला के पति को मामूली चोट आई है। दिल्ली पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है।
तीन बच्चों समेत चार की मौत
बताया गया कि कमरे के मलबे के नीचे ज्योति 26 वर्ष पत्नी अजय और उसके तीन बच्चे दब गए। जिनको पुलिस और अग्निशामक दल की मदद से मलबे से निकाल कर आरटीआर अस्पताल जाफरपुर कलां में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, पांचवां व्यक्ति अजय पुत्र फूल सिंह कुशवाह मामूली रूप से घायल है।
तीन दिन तक बारिश का अलर्ट
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश के कारण सडक़ों पर पानी भर गया है। इस वजह से गाडिय़ां भी सडक़ों पर रेंगती हुई नजर आईं। इस बारिश की वजह से मौसम भी बदल गया है। दिल्ली के साथ-साथ यूपी, हरियाणा और पंजाब के भी तमाम इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने तीन दिन दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 70 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका भी जताई थी।