कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह मध्याह्न भोजन बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। इस घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि त्वरित कार्रवाई और अग्निशमन यंत्र के उपयोग से एक बड़ा हादसा टल गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना सुबह उस समय हुई जब रसोइया सरला देवी भोजन तैयार कर रही थीं। आग लगते ही ऊंची लपटें उठने लगीं। जिससे कक्षाओं में बैठे छात्र और शिक्षक घबरा गए। अपनी जान बचाने के लिए छात्र तुरंत कक्षाओं से निकलकर मुख्य सडक़ की ओर भागे। जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुएए आसपास के गांव के युवक तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले भीगे हुए बोरे डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। जब भीगे बोरों से आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। तब मौके पर मौजूद गोलू नामक एक युवक ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उसने तुरंत विद्यालय में रखे अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल किया और कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। आग बुझने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त सिलेंडर को विद्यालय परिसर से बाहर निकालकर सडक़ पर रख दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस तुरंत उच्च प्राथमिक विद्यालय गौसपुर पहुंची। पुलिस टीम ने प्रधानाध्यापिका मंजूलता गुप्ता से पूरे घटनाक्रम और प्रधानाध्यापिका मंजूलता गुप्ता से पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा मानकों के विषय में विस्तार से पूछताछ की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि विद्यालय में लगी आग को काबू में कर लिया गया है। इस हादसे में किसी के भी झुलसने या घायल होने का मामला सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौसपुर स्कूल की रसोई में गैस सिलेंडर में लगी आग, छात्रों में मची अफरा-तफरी
