केडी बालिका डिग्री कालेज में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया गया जागरुक

महिला थानाध्यक्ष ने हेल्पलाइन नम्बरों की दी जानकारी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कृष्णा देवी बालिका डिग्री कालेज आवास विकास लोहिया पुरम में शुक्रवार को मिशन शक्ति के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना अध्यक्ष मोनू शाक्य एवं ज्योति बघेल ने छात्राओं को नारी सुरक्षा, स्वाभिमान और नारी सम्मान के विषय में विस्तृत जानकारी दी।
महिला थाना अध्यक्ष ने बताया कि मिशन शक्ति योजना वर्ष 2021 से प्रत्येक थाने पर संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत हर थाने में एक महिला उपनिरीक्षक व महिला आरक्षी की तैनाती की गई है तथा मिशन शक्ति केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से छात्राएं, महिलाएं और बालिकाएं अपनी किसी भी प्रकार की शिकायत-जैसे घरेलू हिंसा, ससुराल में उत्पीडऩ, छेड़छाड़, रास्ते में परेशान करना या अन्य अत्याचार-दर्ज करा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसी शिकायतें महिला हेल्पलाइन 1090 पर दर्ज की जा सकती हैं। साथ ही मोबाइल फोन के दुरुपयोग की स्थिति में संबंधित नंबर को ब्लॉक करने तथा 1090 व 9030 पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई। यदि ये नंबर उपलब्ध न हों तो आपात स्थिति में 112 पर भी कॉल किया जा सकता है। प्राचार्या डॉ0 रुबी यादव ने छात्राओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित 6 से 8 माह के विभिन्न कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्राएं स्वरोजगार अथवा रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। छात्राओं को शब्द दिलाकर शपथ दिलाई गई कि वे जीवन में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर चुप नहीं रहेंगी, बल्कि अपने नजदीकी थाने में जाकर महिला आरक्षी के पास अपनी शिकायत अवश्य दर्ज कराएंगी। साथ ही उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे अपनी किसी भी परेशानी को सबसे पहले अपने माता-पिता, अभिभावकों अथवा शिक्षिकाओं को अवश्य बताएंगी।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर एवं आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी गई। महाविद्यालय में नियमित उपस्थिति बनाए रखने वाली छात्राओं को पुस्तक देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार की डॉ0 मनीषा मिश्रा, ममता यादव, डॉ0 रेजिना सहर, मिस प्रतिभा सिंह, डॉ0 कायनात अख्तर, डॉ0 ज्योत्सना शाक्य एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *