भारत का श्रीलंका पहुंचने पर भव्य स्वागत, कल है भारत-पाकिस्तान का मैच

समृद्धि न्यूज। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया अपना तीसरा गु्रप स्टेज मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। ये मुकाबला 15 खिलाडिय़ों के लिए काफी खास रहने वाला है। ये खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार इस राइवेलरी का हिस्सा बनेंगे। भारतीय टीम पाकिस्तान का सामना करने के लिए श्रीलंका पहुंच गई है।

कोलंबो पहुंचने पर गत चैंपियन भारत का भव्य स्वागत हुआ। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में टी20 विश्व कप का मुकाबला खेला जाना है। एयरपोर्ट से बाहर आते समय टीम इंडिया का ढोल के साथ स्वागत किया गया और टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह खुद को रोक नहीं सके और ढोल की धुन पर थिरकते नजर आए। आईसीसी इवेंट की तरह टी20 वल्र्ड कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का दबदबा रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप में अभी तक कुल 8 मुकाबले खेल गए हैं।

इस दौरान भारतीय टीम ने 7 बार पाकिस्तान को धूल चटाई है। वहीं, पाकिस्तान की टीम 1 बार ही बाजी मार सकी है। पिछली बार भी टीम इंडिया ने पाकिस्तान का हराया था, वहीं, हाल ही में एशिया कप के दौरान भी पाकिस्तान को लगातार 3 मैचों में भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में खिताब बचाने के इरादे से उतरी है। भारत ने गु्रप ए में अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीते हैं और अब उसका सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है।

भारत ने अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज कर सुपर आठ चरण के लिए कदम बढ़ा लिए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करते ही भारतीय टीम अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। हाल ही में खबर आई थी कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय खिलाडिय़ों को टी20 विश्व कप के दौरान परिवार को साथ रखने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन हार्दिक पांड्या के साथ कोलंबो में उनकी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा नजर आईं। वीडियो में दिख रहा है कि हार्दिक माहिका का हाथ पकड़े एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे हैं। वहीं, टीम के अन्य साथी भी नजर आ रहे हैं। वहीं पेट की समस्या से जूझ रहे अभिषेक शर्मा भी भारतीय टीम के साथ कोलंबो पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *