बाल विवाह, यौन शोषण, भिक्षावृत्ति की रोकथाम की दी गई जानकारी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र एवं खंड विकास अधिकारी बलराम सिंह की अध्यक्षता में विकास खण्ड बढ़पुर में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत गठित ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, देखरेख और भागीदारी के साथ-साथ बाल भिक्षावृत्ति, ट्रैफिकिंग, बाल विवाह, बाल श्रम, यौन शोषण आदि की रोकथाम पर चर्चा की गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र ने कहा कि महिला कल्याण विभाग सभी विभागों के साथ मिलकर कार्य करता है और यह हम सब का दायित्व है। खंड विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री अपने ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी व विद्यालय के शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक त्रैमास पर बाल संरक्षण के संबंध में बैठक का आयोजन करें और उसमें बाल श्रम, बाल विवाह, ट्रैफिकिंग आदि के संबंध में जानकारी प्रदान कर ग्राम वासियों को जागरूक करें। बाल संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य, स्पॉन्सरशिप योजना आदि के संबंध में जानकारी प्रदान कर ग्राम स्तर पर गठित ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की नियमित बैठक कराकर गांव समुदाय में कठिन परिस्थितियों में रह रहे बच्चों को चिन्हित करने हेतु कहा। खंड चिकित्साधिकारी अनुराग कुटार ने कहा कि सभी बच्चों का टीकाकरण नियमित रूप से कराएं तथा संस्थागत प्रसव कराएं। प्रत्येक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र अस्पताल में नि:शुल्क बनाया जाता है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी निरीक्षक हरिनंदन ओझा ने मानव तस्करी, बाल विवाह, बाल श्रम के संबंध में जानकारी प्रदान की। सहायक विकास अधिकारी पंचायत सत्यनारायण ने कहा कि प्रत्येक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र निर्धारित समय में ही बनवाए जिससे कि अभिभावक को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में मुख्य सेविका सुधा, सुनील वर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर ज्योति शर्मा, राहुल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
मिशन वात्सल्य योजना की जानकारी घर-घर पहुंचे: प्रोबेशन अधिकारी
