डीजल रिफायनरी फैक्ट्री में लगी भीषण आग, टैंकर फटा

दमकल की करीब आधा दर्जन गाडिय़ां आग बुझाने में जुटीं
घायल छ: कर्मचारियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
डीएम, एसपी समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंचे, की जांच
( ब्यूरो कार्यालय/संवाददाता, जमील खान)
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शुकरुल्लापुर रेलवे स्टेशन के निकट डीजल रिफायनरी फैक्ट्री में भीषण आग लगने से क्षेत्र में दहशत फैल गयी। सूचना मिलते ही अग्निशमन गाडिय़ां मौके पर पहुंच गयीं। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक टैंकर फट गया है। आग बेकाबू हो रही है। घटनास्थल पर जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा एसडीएम कायमगंज अतुल कुमार मौके पर पहुंच गये तथा जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार शुकरुल्लापुर रेलवे स्टेशन से करीब 50 मीटर की दूरी पर करीब छह माह पूर्व कायमगंज व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज कौशल के भाई अवधेश कौशल पुत्र जगदीश कौशल ने डीजल रिफायनरी फैक्ट्री लगायी थी। शनिवार को करीब ६ बजे उपरोक्त फैक्ट्री में आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गयी। सूचना मिलने पर दमकल की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंच गयीं और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगीं, लेकिन आग और विकराल होती चली गयी। इस दौरान एक टैंकर फट गया। जिससे अफरा-तफरी मच गयी। घटना की सूचना आलाधिकारियों को दी गयी।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ0 अशोक कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी तथा उप जिलाधिकारी कायमगंज अतुल कुमार मौके पर पहुंच गये।

फिलहाल पुलिस ने फैक्ट्री मालिक अवधेश कौशल को हिरासत में ले लिया है। मौके से कीरब आधा दर्जन कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

कर्मचारी हल्के फुलके झुलस गये हैं। बताते चलें कि पड़ोस में ही गांव सादिकपुर लगा हुआ है।

जिससे यहां के ग्रामीण किसी अनहोनी घटना को लेकर दहशत में हैं। कुछ लोगों का कहना है कि उपरोक्त फैक्ट्री अवैध रुप से चल रही है, लेकिन इसकी अभी तक किसी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *