कम्पिल के श्वेताम्बर जैन मंदिर को लखनऊ आर्ट गैलरी एवं प्रेरणा स्थल में स्थान

कम्पिल, समृद्धि न्यूज।  लखनऊ पहुँचकर जब कम्पिल के प्रतिनिधियों ने आर्ट गैलरी एवं प्रेरणा स्थल में प्रदर्शित झलक देखी, तो यह क्षण पूरी तीर्थ नगरी के लिए गर्व और भावनाओं से भरा हुआ था। कम्पिल के प्राचीन श्वेताम्बर जैन मंदिर को इस प्रतिष्ठित स्थल में स्थान दिए जाने से नगर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है।
यह उपलब्धि कम्पिल के चेयरमैन प्रतिनिधि उदयपाल सिंह यादव तथा प्रमुख समाजसेवी पुखराज डागा के सतत प्रयासों से संभव हुई है। दोनों ने पूर्व में पर्यटन मंत्री  जयवीर सिंह से भेंट कर कम्पिल के गौरवशाली इतिहास, प्राचीन जैन तीर्थ परंपरा तथा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के विषय में विस्तार से अवगत कराया था।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विषय को गंभीरता से सुनते हुए कम्पिल के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को सम्मान दिया। इसके पश्चात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने भी इस प्राचीन तीर्थ नगरी के महत्व को स्वीकार करते हुए उसे सम्मान प्रदान किया।
चेयरमैन प्रतिनिधि उदयपाल सिंह यादव ने इसे समस्त कम्पिल वासियों के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कम्पिल की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच तक पहुँचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से भविष्य में भी कम्पिल के प्राचीन मंदिरों के संरक्षण, कायाकल्प एवं पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक निर्देश एवं आश्वासन प्राप्त हुआ है।
कम्पिल वासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह तथा प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *