
गोदाम क्षतिग्रस्त, पुलिस ने की जांच पड़ताल, गोदाम को किया सील
गोदाम स्वामी समेत तीन कारीगर बाल-बाल बचे
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। आतिशबाजी जांच के दौरान अनार फट गया। धमाका इतना तेज था कि टीन ३० फिट ऊंची उछल गयी और एक पेड़ पर टंग गयी। वहीं गोदाम भी क्षतिग्रस्त हो गयी। जबकि कारीगर समेत तीन लोग बाल-बाल बच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और गोदाम सील कर दी।जानकारी के अनुसार शमशाबाद क्षेत्र थाना क्षेत्र के ग्राम ललौर जुन्नारदारान निवासी आतिशबाज सतीश चंद्र पुत्र अनोखेलाल की आतिशबाजी की गोदाम गांव से थोड़ी दूर स्थित शमशाबाद जाने वाले मार्ग के निकट स्थित है। यहां पर दीपावली को लेकर कारीगरों द्वारा फैंसी आइटम बनाये जा रहे थे। शनिवार की सुबह करीब ९ बजे फैंसी अनार जिन्हें कारीगर जांच रहे थे। जैसे ही अनार में आग लगायी, वैसे ही अनार धमाके के साथ फट गए और उसके कण दूर-दूर तक जा गिरे। बताया गया है इस घटना में टीन शेड के नीचे बारूद रखी हुई थी। एक चिंगारी बारूद में जा गिरी। देखते ही देखते एक जोरदार धमाका हुआ। जिसकी आवाज लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र के दायरे में सुनने को मिली। धमाके की आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये। धमका इतना तेज था कि टीनशेड हवा में उडक़र लगभग ३० फिट की ऊंचाई पर एक पेड़ की शाखा पर जा गिरा। घटना की सूचना शमसाबाद थाना पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि यह गोदाम सतीश चंद्र की है। जिसमें कारीगर शिशुपाल निवासी कलान जनपद शाहजहांपुर, सुभाष पुत्र रामफल निवासी मुबारकपुर थाना शमशाबाद द्वारा फैंसी आइटम तैयार किये जा रहे थे, तभी धमाका हो गया। धमाके में गोदाम में दरारें आ गयी हैं। फिलहाल शमशाबाद थाना पुलिस ने उक्त गोदाम को सील कर चाबी कब्जे में ले ली तथा आतिशबाज को हिरासत में ले लिया है। जांच पड़ताल के दौरान लाइसेंस 2024 तक वैध पाया गया। कारीगरों ने अग्निशमन यत्र से आग बुझायी।
