समृद्धि न्यूज। इंटरनेशनल न्यूज एजेंसी रॉयटर्स का एक्स अकाउंट भारत में बंद हो गया है। सोशल मीडिया मंच के एक नोटिस में यह जानकारी दी गई। भारत में अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स का एक्स अकाउंट रोक दिया गया है। जब लोग रॉयटर्स का एक्स अकाउंट खोलने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्हें मैसेज दिख रहा है कि यह अकाउंट भारत में कानूनी मांग के तहत रोका गया है। इस मामले पर सरकार ने साफ कहा है कि उसकी तरफ से ऐसा कोई नया आदेश नहीं दिया गया है। केंद्र सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार ने रॉयटर्स का अकाउंट रोकने के लिए कोई नया आदेश नहीं दिया है। उन्होंने कहा, कि भारत सरकार ने रॉयटर्स का अकाउंट रोकने की कोई मांग नहीं की है। हम एक्स कंपनी के संपर्क में हैं और उम्मीद है कि जल्द ही यह मामला सुलझ जाएगा।
रॉयटर्स का एक्स अकाउंट ब्लॉक
एक्स के मालिक दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क हैं। पहले एक्स को ट्विटर के नाम से जाना जाता था। सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रॉयटर्स के एक्स अकाउंट को ब्लॉक करने की मांग की गई थी। इसके साथ ही कई अन्य अकाउंट्स को भी ब्लॉक करने की मांग की गई थी। इस वजह से भारत में कई सोशल मीडिया अकाउंट्स को एक्सेस नहीं किया जा सका। हालांकि, रॉयटर्स का हैंडल तब भी दिखाई दे रहा था।
