हरदोई से संतोष तिवारी की रिपोर्ट
हरदोई, समृद्धि न्यूज़। प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के पति एवं पूर्व विधायक उपेंद्र तिवारी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री श्री अरुण ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया, तथा अमृत सरोवर निर्माण अभियान को गति देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन जनपद की विधानसभा क्षेत्र के टोडरपुर ब्लॉक में किया गया।जहां पूर्व विधायक एवं विश्वहिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष स्वर्गीय उपेंद्र तिवारी के अनुयायी एवं परिजन बड़ी संख्या में एकत्र हुए।राज्य मंत्री रजनी तिवारी की अगुवाई में आयोजित इस सभा में असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच पर उपेंद्र तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए और कहा कि “उपेंद्र तिवारी एक दूरदर्शी नेता थे।जिन्होंने समाज सेवा को ही जीवन का लक्ष्य बनाया। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए हमें उनके आदर्शों पर चलना होगा।”
अपने संबोधन में श्री अरुण ने स्वदेशी आंदोलन को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “हमारे देश की आत्मनिर्भरता का आधार स्वदेशी उत्पाद ही हैं। हमें अपने दैनिक जीवन में स्थानीय और स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग बढ़ाना चाहिए। यह न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि हमारे पारंपरिक कारीगरों को भी सम्मान देगा।” उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी बल देते हुए जोर दिया, “परिवार के साथ बैठकर चर्चा करें कि कैसे हम अपने आसपास के पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं। जल संरक्षण अभियान के तहत अमृत सरोवर का निर्माण प्रत्येक गांव और शहर में प्राथमिकता से सुनिश्चित करना होगा। यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य उपहार होगा।”
कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय नेताओं, विधायकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रजनी तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उपेंद्र तिवारी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उनके आदर्शों को स्मरण कराने का माध्यम बनेंगे।
यह कार्यक्रम न केवल पूर्व विधायक की स्मृति को नमन करने का अवसर बना, बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाने का भी मंच साबित हुआ। आयोजकों के अनुसार जल्द ही जिले में स्वदेशी मेला आयोजित करने की योजना है।इस मौके पर विधानसभा क्षेत्र के तीनों ब्लॉक प्रमुख,गन्ना सोसायटी के अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य एवं तमाम पदाधिकारियों के अलावा जिले का पूरा अमला भी मौजूद रहा।
