क्षेत्र में किसानों की जान के दुश्मन बने आवारा खूंखार गोवंश

गेहूं की फसल की रखवाली के दौरान खूंखार सांड ने किसान को उठाकर पटका
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। इसे प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही कहा जाए तो ज्यादा बेहतर होगा, क्योंकि शमशाबाद क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आजकल आवारा गोवंश जो किसानों की फसलों के साथ ही आम लोगों की जानकार दुश्मन बनने लगे हैं। जानवरों की लगातार बढ़ रही संख्या आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगी है। इतना ही नहीं गांव की गलियों में आतंक का पर्याय बने खूंखार गोवंशों का झुंड बीच राहों में भ्रमण करते हुए देखा जा रहा है। खूंखार गोवंशों का भ्रमण बच्चों, बूढों और जवानों सभी के लिए मुश्किलों का कारण बना हुआ है। वहीं किसानों के खेतों में भी यही खूंखार गोवंश उनकी जान के दुश्मन बने हुए हैं। वर्तमान में अधिकांश किसानों के खेतों में आलू, गेहूं की फसल तैयार हो रही है जिन्हें सुरक्षित बचाने के लिए किसान सर्द रातों में लाठी-डंडों के सहारे रखवाली करने को मजबूर है। बताते हैं इस क्षेत्र में आवारा गोवंशों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गरीब किसानों के अनुसार हजारों की कीमत से जैसे तैसे फसलें तैयार की। उन्हें सुरक्षित रखना गरीब किसानों की मजबूरी है। यही कारण है सर्द मौसम में किसान रात दिन रखवाली करने को मजबूर है। उधर रखवाली के दौरान एक हिंसक गौवंश ने किसान पर हमला कर घायल कर दिया। बताते है शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगला नान निवासी आनन्द कुमार पुत्र नत्थू लाल द्वारा गेहूं की फसल तैयार की गयी थी। आवारा गौवंशों से बचाने के लिए रखवाली कर रहा था। अचानक आवारा खूंखार गोवंशों का झुंड खेत में घुसने लगा। जब किसान द्वारा भगाने का प्रयास किया गया, तो एक गौवंश हिंसक हो गया और हमला कर दिया। चीख पुकार सुन आसपास खेतों में कृषि कार्य कर रहे किसानों ने लाठी-डंडों के सहारे दौड़ लगा दी। तब तक हिंसक सांड ने किसान को गिरा लिया और जानलेना हमला कर दिया। किसानों ने लाठी-डंडे के सहारे हिम्मत जुटाकर सांड को बचाया। तब किसान की जान बच सकी। हालांकि उसके कपड़े फट गये तथा पैर में काफी चोटें आयीं। घटना की सूचना किसान के परिवार को दी गई। जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल किसान को कस्बे के अस्पताल में भर्ती कराया। मालूम रहे शमशाबाद क्षेत्र के ग्रामीण इलाको में एक लंबे समय से आवारा गोवंश आम जनमानस तथा किसानों की जान के दुश्मन बने हुए हैं। अक्सर खूंखार गौवंशों का झुंड गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए देखा जा रहा है। हालाकि खूंखार सांड द्वारा किसान पर हमला कर घायल कर दिए जाने की सूचना अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों का कहना था संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराकर उन्हें पकड़वाकर क्षेत्रीय गौशालाओं में छुड़वाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *