समृद्धि न्यूज। छतरपुर बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह पंडाल का एक हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, बारिश और आंधी के चलते सुबह 7 बजे आरती के बाद लोहे का एंगल गिरने की वजह से श्रद्धालु के सिर पर चोट लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरती के दौरान बारिश हो रही थी। इसी समय भारी भीड़ जमा हो गई। बारिश से बचने के लिए लोग शेड के नीचे पहुंचे थे। मृतक का नाम श्यामलाल कौशल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एक श्रद्धालु राजेश कुमार कौशल ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के चौरी सिकन्दरपुर, जिला बस्ती के रहने वाले हैं। राजेश के ससुर श्यामलाल कौशल की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि परिवार के 6 लोग बुधवार रात बागेश्वर धाम आए थे। शुक्रवार को धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन है। इससे पहले गुरुवार सुबह सभी लोग तैयार होकर धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान टेंट गिरा। लोहे का एंगल उनके ससुर श्यामलाल कौशल के सिर में लगा। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में राजेश और सौम्या, पारुल, उन्नति समेत 8 लोग घायल हुए।