लापता युवती का तालाब में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

हत्या कर शव फेंके जाने का परिजनों ने लगाया आरोप

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता युवती का शव सुबह गांव से एक किलोमीटर दूर तालाब में मिला है। मृतका के पिता ने मंगलवार को अज्ञात के खिलाफ बेटी को बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजन हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। शरीर में चोट के निशान नजर न आने से पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
थाना क्षेत्र के सरहा निवासी रामखेलावन राजपूत की बेटी सोनम 19 वर्ष जो बीते 25 अगस्त की शाम से लापता हो गई थी। जिसकी तलाश के बाद भी उसका कोई पता न चलने पर पिता ने 26 अगस्त को अज्ञात के विरुद्ध बहलाफुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वही आज गांव से एक किमी दूर बरधाई गांव के लोगों ने तालाब में युवती का शव उतराते देखा, जिसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर एएसपी प्रेमचंद्र, सीओ सफीपुर सोनम सिंह मौके पर पहुंचीं। जांच में फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। अभी तक पुलिस कोई अहम सुराग न मिलने की बात कह रही है। पुलिस ने शव काे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के शरीर पर कोई चोट नजर नहीं आ रही है। मौत की वजह की पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने बताया कि सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी की जा रही है। घटना का खुलासा जल्द ही किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *