शमसाबाद में नासूर बनी अतिक्रमण व जाम की समस्या

डग्गामार वाहनों से हो रहे जगह-जगह जाम के हालात
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के चलते शमशाबाद में डग्गामार संचालकों का बोलबाला है। आए दिन मुख्य मार्ग पर जगह-जगह अतिक्रमण तथा जाम जैसे हालात देखे जा रहे हैं। वहीं जाम के झाम में फंसने वाले लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि शमशाबाद थाना चौराहे से अलेपुर तथा थाना चौराहे से रोशनाबाद के अलावा ढाईघाट शमशाबाद जाने वाले मार्ग पर बढ़ती वाहनों की आबादी से जगह-जगह जाम के हालात देखे जा रहे हैं। जाम की समस्याओं से जूझ रहे नगर वासियों के अनुसार सडक़ का चौड़ीकरण होने के बावजूद भी नगर में जाम जैसे हालात देखे जा रहे हैं। लोगों का कहना है सडक़ के दोनों तरफ फुटपाथों पर जहां एक ओर छोटे-छोटे व्यापारियों द्वारा प्रतिष्ठान सजाए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर कस्बे के व्यापारी जो अपने-अपने प्रतिष्ठानों को सजाकर सडक़ों तक मिलाते हैं। वहीं सडक़ों पर आने जाने वाले लोगों को अतिक्रमण तथा जाम के हालातों से गुजरना पड़ रहा है। थाना चौराहे के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय यहां ई-रिक्शा चालकों के वाहनों का जमाबाड़ा देखा जा रहा है। सबसे बड़ी बात है यहां जो सार्वजनिक शौचालय है वह आम यात्री की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बनाया गया, लेकिन इस शौचालय के आसपास ई-रिक्शा चालकों तथा अराजकतत्वों का जमावड़ा देखा जा रहा है। जिसके चलते महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहीं से आगे गुजरने वाला मुख्य मार्ग जो पीएनबी चौराहे से शमशाबाद बाजार तथा गंगा रोड चौराहा होते हुए ढाईघाट की ओर जाता है। इस मार्ग पर भी छोटे-बड़े वाहनों का जमाबड़ा देखा जा रहा है। सडक़ के दोनों तरफ फुटपाथ पर अतिक्रमण देखा जा रहा है। मंगलवार को उस वक्त मुख्य मार्ग पर जाम जैसे हालात हो गए जब गन्ने से भरे कुछ ट्रैक्टर ट्राला गुजर रहे थे। शमशाबाद नगर में आए दिन जाम के हालातों को देखते हुए समाजसेवी, जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत शमशाबाद तथा शमशाबाद थाना पुलिस एवं जनपद के उच्च अधिकारियों को शिकायतें कीं, लेकिन कोई हल नहीं निकला। नगरवासियों ने एक बार फिर नगर पंचायत शमशाबाद तथा शमशाबाद थाना पुलिस से अतिक्रमण, जाम जैसे हालातों से निजात दिलाये जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *