
शमसाबाद, समृद्धि न्यूज। तेज गति से आ रहे डंफर अनियंत्रित होकर इमली के पेड़ से टकरा गया। जो टूटकर विद्युत लाइन पर जा गिरा। जिससे तीन पोल क्षतिग्रस्त हो जाने से विद्युत आपूर्ति नगर की गुल हो गयी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दोपहर 2 बजे के करीब फैजबाग शमशाबाद मार्ग पर मोहल्ला खानपुर के निकट स्थित एक पब्लिक स्कूल के सामने खड़े इमली के पेड़ में फैजबाग की ओर से तेज गति से आ रहे डंफर चालक ने टक्कर मार दी जिससे इमली का पेड़ टूटकर ११ हजार की विद्युत लाइन के ऊपर जा गिरा। इस दौरान तीन पोल टूट गये। इस दौरान राहगीरों में भगदड़ मच गयी। मार्ग पर अधिक भीड़ न होने के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। विद्युत पोल टूट जाने से नगर की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। घटना की सूचना उपकेंद्र में मौजूद कर्मचारियों को दी गई। तुरन्त सप्लाई को रोंक दिया गया। संविदा कर्मी सलीम खान ने इस संदर्भ में उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विद्युत पोल क्षतिग्रस्त करने वाले डंफर चालक व उसके मालिक के समझौते का प्रयास चल रहा था। समाचार लिखे जाने तक थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।
