फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा नहाने के दौरान तीन युवक गंगा में डूब गये। जिसमें से गोताखोरों ने तत्परता का परिचय देते हुए दो को निकाल लिया। जबकि एक की हाल गम्भीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के रेती निवासी 17 वर्षीय राज त्रिवेदी पुत्र गुरुदेव अपने मौसा भगुआ नगला निवासी विवेक पुत्र सतीश के घर आया था। सुबह वह मोहल्ले के ही प्रांशु व चंदन को लेकर मैच खेलने के लिए निकला था। राज के मौसा की पुत्री जया ने बताया की मैच खेलने की कहकर राज त्रिवेदी घर से निकला था। इसके बाद वह पांचाल घाट पीपा पुल के पास गंगा नहाने पहुंच गया। तीनों युवक गंगा नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गये और डूब गये। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्परता का परिचय देते हुए दो युवकों को बाहर निकाल लिया। जबकि राज को ढूढने में करीब आधा घंटे का समय अधिक लग गया। परिजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी अमित शर्मा ने बताया की राज को मृत घोषित किया गया है, जबकि दो को सकुशल बचा लिया गया।