लखनऊ, समृद्धि न्यूज। रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। छह आइएएस अधिकारियों का तबादला हुआ है। महानिदेशक, प्राविधिक शिक्षा अविनाश कृष्ण सिंह को वर्तमान पद के साथ सचिव, प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्राविधिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात दिनेश कुमार को विशेष सचिव गृह बनाया गया है। कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के पद पर तैनात बृजराज सिंह यादव को राजस्व परिषद लखनऊ में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। अलीगढ़ में नगर आयुक्त विनोद कुमार को प्राविधिक शिक्षा में विशेष सचिव बनाया गया है। मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव प्रेम प्रकाश मीणा को अलीगढ़ का नगर आयुक्त बनाया गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट फिरोजाबाद कृति राज को उन्नाव का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
सरकारी तंत्र में हो रहा बदलाव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासनिक सुधारों की दिशा में निरंतर काम कर रही है। IAS अफसरों के ट्रांसफर से यह साफ है कि प्रदेश में सरकारी कार्यों के बेहतर और तेज निष्पादन के लिए अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। इससे न केवल सरकार की योजनाओं को गति मिलती है बल्कि अधिकारियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त होता है।