भारत-रूस संबंधों पर चिढ़े ट्रंप को विदेश मंत्रालय की दो टूक, क्या बोले प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

समृद्धि न्यूज। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिका सहित कई मुद्दों पर बात की। ईरान के साथ व्यापार करने वाली भारतीय कंपनियों पर अमेरिका द्वारा प्रतिबंध लगाने की घोषणा पर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा हमने प्रतिबंधों पर ध्यान दिया है और हम इस पर विचार कर रहे है।

अमेरिका की तरफ से कुेछ भारतीय कंपनियों पर ईरान से व्यापार के चलते लगाए गए प्रतिबंधों पर बोलते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा, हमने इन प्रतिबंधों को नोट किया है और इस पर गौर कर रहे हैं। रणधीर जायसवाल ने आगे कहा किसी भी देश के साथ हमारे संबंध उसकी योग्यता पर आधारित हैं और उन्हें किसी तीसरे देश के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। जहां तक भारत रूस संबंधों का सवाल है, हमारे बीच एक स्थिर और समय परीक्षित साझेदारी है।

इसके साथ विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच में जो रक्षा और सुरक्षा के बीच साझेदारी काफी मजबूत है, हाल के दिनों इसमें और भी मजबूती आई है, हम लोगों ने इक्कीसवीं शताब्दी के लिए इंडिया-यूएस कॉम्पैक्ट साझेदारी बनाई है।

कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि कुछ भारतीय तेल कंपनियों ने रूस से तेल लेना बंद कर दिया है। इस पर प्रवक्ता ने कहा आप हमारे ऊर्जा जरूरतों को लेकर समग्र दृष्टिकोण से अवगत हैं। हम बाजार में उपलब्ध विकल्पों और वैश्विक स्थिति को ध्यान में रखकर निर्णय लेते हैं। हमें इस बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *