अमेठी। एक गांव में शादी समारोह के दौरान तंदूरी रोटी को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतकों में एक नाबालिग भी शामिल है। यह घटना 3 मई की रात हुई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है और भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मामले में बताया कि अब तक इन मौतों के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह झड़प 3 मई की रात को सराय हृदय शाह गांव में हुई। जहां एक शादी समारोह चल रहा था और बारात जामों पुलिस थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव से आई थी। पुलिस ने बताया कि दूल्हा गांव के प्रधान राम जियावन वर्मा का बेटा था। गौरीगंज के राजगढ़ लोधन का पुरवा निवासी रवि 18 और आशीष 17 दुल्हन पक्ष की ओर से मेहमान के तौर पर वहां मौजूद थे। खाने के दौरान तंदूरी रोटी बांटने को लेकर बहस शुरू हो गई। बात हाथापाई तक पहुंच गई, जिसके बाद दोनों किशोरों पर जानलेवा हमला किया गया।
मारपीट में दो की मौत
अमेठी की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि दोनों पीडि़तों की चोटों के कारण मौत हो गई। शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में नामजद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अमेठी जिलवे के गौरीगंज थाने में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इसमें गैर इरादतन हत्या, हमला करना, आपराधिक बल का इस्तेमाल और सामूहिक हिंसा के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं सभी नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।