सत्संग से लौट रहे भक्तों से भरा ऑटो लोडर से भिड़ा, दो महिलाओं की मौत

शमशाबाद/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। पटियाली से भोलेबाबा के सत्संग में शामिल होकर लौट रहे भक्तों से भरे टेंपो की लोडर से भिड़ंत हो गयी। जिसमें १२ लोग गंभीर रुप से घायल हो गये, जबकि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया तथा भीड़ को खदेड़ कर रास्ता खुलवाया। सूचना पर मृतकों के परिजन पहुंच गये जिनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर एसडीएम यदुवंश कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घायल के हालचाल लिये। इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष के पति नदीम अहमद फारुकी व अपना दल एस के जिलाध्यक्ष राहुल गंगवार भी मौके पर पहुंचे और घायलों की हर सम्भव मदद करने का भरोसा दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम असगरपुर निवासी करीब एक दर्जन लोग कासगंज के पटियाली में भोले बाबा के सत्संग में मंगलवार सुबह ३ बजे शामिल होने गये थे। सभी लोग वापस ९:३० बजे टेंपों से वापस लौट रहे थे। जैसे ही टेंपों फर्रुखाबाद-कायमगंज मुख्य मार्ग खुडऩाखार गांव के सामने बंबे की पुलिया के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रहे लोडर से भिड़ंत हो गई। जिससे टेंपो में सवार ९ लोग घायल हो गये, जबकि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लोडर चालक भी घायल हो गया। घायलों में ऑटो चालक ४० वर्षीय जितेंद्र पुत्र खुशीराम निवासी असगरपुर, लोडर चालक ४७ वर्षीय राकेश पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी पल्ला गल्ला मंडी फर्रुखाबाद, ५६ वर्षीय वीना पत्नी सर्जेश पाल, ६० वर्षीय विट्टन देवी पत्नी कन्हाई लाल, ५५ वर्षीय गुड्डी पत्नी श्रीपाल, ३७ वर्षीय शकुंतला पत्नी जितेंद्र, ३२ वर्षीय गीता पत्नी अवनेंद्र, १७ वर्षीय लक्ष्मी पुत्री अवनेंद्र, साढ़े तीन वर्षीय काव्या पुत्री अवनेंद्र, मीना देवी पत्नी सरजेश, दिव्या पुत्री राम सागर, दुर्गा पुत्री अमरपाल निवासीगण असगरपुर के नाम शामिल है। वहीं ५५ वर्षीय रानी देवी पत्नी स्व प्रकाश चंद्र तथा ६२ वर्षीय धनदेवी पत्नी स्व0 गिरीश चंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतका रानी देवी के तीन पुत्र सुधाकर, दिवाकर, रंजीत, है मृतका के पति की कई साल पूर्व मौत हो चुकी है। मृतका सविलियन विद्यालय असगरपुर में रसोइया के पद पर कार्यरत थी। वहीं मृतका धन देवी के तीन पुत्र पप्पू, अरविंद नागेंद्र है। मृतका के पति की एक साल पूर्व कैंसर से मौत हो चुकी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा। पुलिस ने मौजूद भीड़ को खदेड़ कर जाम खुलवाया। सूचना पर एसडीएम यदुवंश कुमार वर्मा व सीओ कायमगंज सोहराब आलम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद में नगर पंचायत अध्यक्ष पति नदीम अहमद फारुकी व अपना दल एस के जिलाध्यक्ष राहुल गंगवार ने पहुंचकर घायलों के परिजनों से बातचीत कर और हर सम्भव मदद करने का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *