नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। रविवार को क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का आयोजन किया गया। जहां एक ओर युवाओं में नाम बढ़वाने को लेकर भारी उत्साह दिखा। वहीं दूसरी ओर कुछ बूथों पर बीएलओ की अनुपस्थिति और मनमानी ने ग्रामीणों की मुश्किलों को बढ़ा दिया।
विशेष रूप से प्राथमिक विद्यालय केंद्र नवाबगंज के बूथ संख्या 260 पर तैनात बीएलओ मीरा देवी के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि बीएलओ बूथ से गायब रहती हैं और फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं देतीं। ग्रामीणों ने बताया कि नोटिस तो भेज दिए जाते हैं, लेकिन दस्तावेजों की सही जानकारी न मिलने के कारण वे भटकने को मजबूर हैं। सुपरवाइजर अनूप सिंह द्वारा कई बार हिदायत दिए जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि मामला अब उनके संज्ञान में आया है। संबंधित बीएलओ को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं। यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो उनके विरुद्ध विभागीय दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बीएलओ की मनमानी, मतदाता पुनरीक्षण अभियान में ग्रामीण परेशान, कार्रवाई की चेतावनी
