महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मायके वालों की शिकायत पर पति हिरासत में

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने हत्या कर फांसी के फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम राजेपुर टप्पा मंडल गांव में गुरुवार को 30 वर्षीय रश्मि ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके से पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में पति मधुराज भदौरिया को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। रश्मि की शादी लगभग पांच वर्ष पहले हुई थी और उनका चार वर्षीय बेटा अर्थव है। बताया गया कि घटना के समय रश्मि ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। पति मधुराज भदौरिया ने दरवाजा तोडऩे के बाद रश्मि को पंखे से लटका पाया। परिवार और पड़ोसियों के अनुसार रश्मि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से पीडि़त थी और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि रश्मि के पिता सरदार सिंह राठौर ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपनी बेटी की किसी बीमारी की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर फांसी के फंदे पर लटकाया गया है। सूचना मिलते ही थानाअध्यक्ष राजेश राय, उपनिरीक्षक कुंवर वीर सिंह और 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे घर का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए आसपास के लोगों से बयान लिए हैं। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आत्महत्या के पीछे असल कारण क्या था। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *