पत्नी से विवाद में युवक ने दो पर झोंका फायर, ससुर घायल

ग्रामीणों के दौड़ाने पर युवक बाढ़ के पानी में घुसा, सकुशल पकड़ा
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। पत्नी से विवाद में युवक ने चचिया ससुर पर फायर झोंक दिया। जिससे वह बाल-बाल बच गए। जिसके बाद युवक ने रास्ते में जा रहे ससुर की कनपटी पर गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज भेज दिया। युवक गोली मारकर गांव की तरफ भाग निकला। पुलिस व ग्रामीणों की घेराबंदी करने पर युवक बाढ़ के पानी में घुस गया। जिससे युवक डूबने लगा। हालांकि ग्रामीणों ने युवक को सकुशल बचा लिया। जिसके बाद पुलिस आरोपित को इलाज के लिए सीएचसी ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव दूंदेमई निवासी मायाराम शाक्य शुक्रवार दोपहर कंपिल स्थित ग्यारह मंजिल मंदिर के निकट बैठे थे। उसी समय गांव तलफी नगला निवासी गौरव शाक्य ने रंजिश में उन पर फायर कर दिया। जिससे वह बाल-बाल बच गए। युवक ने उन पर फिर से फायर करने के लिए तमंचा ताना, तो राहगीरों ने उसे दौड़ा दिया। भागते समय युवक के पास चार कारतूस गिर गए। जिसके बाद युवक को अटैना मार्ग पर जाते हुए उसके ससुर रक्षपाल मिल गए। युवक ने ससुर की कनपटी पर गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनदहाड़े गोली कांड से लोग सहम गए। आरोपित युवक तमंचा लहराते हुए गांव की तरफ भाग निकला। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्वजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी कायमगंज भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया रेफर किया गया। पुलिस पीछा करते हुए आरोपित युवक के पीछे भाग निकली। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवक की घेराबंदी शुरू कर दी। युवक भागता हुआ बाढ़ के पानी में घुस गया। गहरे पानी में जाने से युवक डूबने लगा। हालांकि ग्रामीणों ने युवक को डूबने से बचा लिया। पुलिस ने युवक को भी सीएचसी कायमगंज भेज दिया। सीओ कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। स्वजनों के अनुसार युवक ने रक्षपाल की पुत्री प्रियंका के साथ चार वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। कुछ समय साथ रहने के बाद पति पत्नी में आए दिन विवाद होने लगा। लगभग एक वर्ष पूर्व प्रियंका अपने पिता के घर जाने के लिए राजी हो गई। पिता ने बेटी को साथ रखने से इनकार कर दिया। जिसके बाद प्रियंका रिश्तेदारी में जाकर रहने लगी। इसी बात पर युवक पत्नी व उसके स्वजनों से रंजिश रखने लगा। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया दामाद ने ससुर को गोली मारी है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *