फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नए साल 2026 की शुरुआत लोगों ने मंदिरों में मत्था टेंककर की। सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिससे उत्सव का माहौल बन गया। शहर के पांडेश्वर नाथ मंदिर में सुबह 9 बजे तक महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लंबी कतारें लग चुकी थीं। बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे थे। मंदिर के कपाट सुबह 5 बजे ही खुल गए थे और समय बढऩे के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई। मंदिर परिसर ओम नम: शिवाय के जयघोष से गूंज उठा।
फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर स्थापित प्राचीन सिद्ध पीठ बढ़पुर देवी मंदिर में सुबह से भक्त मां शीतला माता के दर्शन करते दिखाई दिए सभी भक्तों ने माता रानी के भवन में माथा टेक आशीर्वाद लेकर नए दिन की शुरुआत की। सुबह की आरती के बाद शाम तक मंदिर में भक्तों की कतार लगी रहीं। पूरे मंदिर में साफ -सफाई की व्यवस्था के साथ-साथ फूलों से पूरे मंदिर को सजाया गया था। साथ ही रंग-बिरंगे गुब्बारे भी लगाए गए। ऐसे ही फर्रुखाबाद स्थित गुडग़ांव देवी मंदिर, भोलेपुर स्थित हनुमान मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सनातन धर्म में यह मानता है कि वर्ष का पहला दिन भगवान के मंदिर में माथा टेंककर शुरू हो जिससे कि पूरे वर्ष मां शीतला माता का आशीर्वाद अपने भक्तों पर बना रहे और उनको छोटी से बड़ी समस्या आकर भी टल जाए।
जगह-जगह भंडारे का हुआ आयोजन
शहर में नववर्ष को लेकर जगह-जगह हलवा और चाय का वितरण किया गया। शहर के चौक पर हलुआ और चाय का वितरण कर रहे उत्कर्ष दीक्षित ने बताया उन्होंने सभी को नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने कहा वह कई वर्ष से लगातार यह आयोजन करते चले आ रहे हैं। माघ माह में पूरे माह पांचाल घाट पर आश्रम में भंडारे का आयोजन करते हैं इस बार भी यह चलेगा। सनी कनौजिया ने बताया चौक पर उनका मेडिकल है पांच लोगों का उनका ग्रुप है उसी के माध्यम से प्रतिवर्ष हलुआ और चाय वितरण का कार्यक्रम नववर्ष पर करते हैं। मठिया देवी मंदिर के पास चाय का वितरण कर रहे सौरभ ने बताया वह कई वर्षों से चाय का वितरण सुबह के समय करते चले जा रहे हैं। आयुष तिवारी ने बताया उनका एक ग्रुप है उसी के माध्यम से नववर्ष के अवसर पर यह कार्यक्रम कर रहे हैं।
