CM योगी ने PM मोदी को दिया सोने-चांदी और हीरों से जड़ा राम मंदिर

समृद्धि न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुलाबी मीनाकारी से निर्मित भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की अनुकृति भेंट की। यह भेंट काशी की प्राचीन कला, सनातन आस्था और श्वोकल फॉर लोकल का संगम है। 108 दिनों में निर्मित इस कलाकृति ने गुलाबी मीनाकारी को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है, जिससे यह जीआई टैग से ओडीओपी तक की सफल यात्रा तय कर चुकी है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर शिल्पकार कुंज बिहारी सिंह द्वारा निर्मित गुलाबी मीनाकारी का राम मंदिर इस शिल्प की शिखर अभिव्यक्ति है। इस कलाकृति में 2 किलोग्राम चांदी और सोना उपयोग हुआ है। इसमें हीरा भी जड़ा गया है, इस अनकृति में 108 पार्ट हैं और 108 दिनों में तैयार किया गया है। निर्माण के दौरान 108 दिनों तक राम धुन का सतत जाप हुआ। स्वर्ण से निर्मित भगवान राम, कमल और धनुष-बाण की प्रतीकात्मक डिजाइन, चार शिखरों पर जड़े हीरे और भीतर प्रकाश की व्यवस्था, यह सब सनातन परंपरा में 108 के महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। गुलाबी मीनाकारी को जीआई टैग मिलना इसकी मौलिक पहचान की आधिकारिक स्वीकृति है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे एक जिला एक उत्पाद ओडीओपी योजना में शामिल कर काशी के कारीगरों को संस्थागत समर्थन दिया। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुलाबी मीनाकारी को सांस्कृतिक कूटनीति का सशक्त माध्यम बनाया है। वर्ष 2021 में अमेरिकी दौरे पर पीएम मोदी ने तत्कालीन अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को गुलाबी मीनाकारी का शतरंज सेट भेंट किया था। सीएम योगी भारत के उपराष्ट्रपति सी0पी0 राधाकृष्णन, साउथ सुपरस्टार रजनीकांत और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को गुलाबी मीनाकारी की कलाकृतियां भेंट कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *