किसानों ने एसडीएम से लगायी गुहार
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। तहसील क्षेत्र के दूंदी नगला गांव में अज्ञात शरारती तत्वों ने छह किसानों की लगभग 24 बीघा तंबाकू की खड़ी फसल पर जहरीली दवा छिडक़कर उसे नष्ट कर दिया। बुधवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो उन्होंने फसल को पूरी तरह झुलसा हुआ पाया।
गऊटोला निवासी रामनिवास, चंदन, श्रीकिशन, राजवीर, रमेश और टिलिया गांव निवासी श्यामसिंह की संयुक्त रूप से दूंदी नगला गांव के पास यह फसल है। बुधवार सुबह किसान चंदन खेत की देखरेख के लिए पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि पौधों पर कोई संदिग्ध दवा पड़ी है और फसल झुलसने लगी है। उन्होंने तत्काल अन्य किसानों को मौके पर बुलाया। किसानों के अनुसार उन्होंने खून पसीना एक करके और कर्ज लेकर यह तंबाकू की फसल तैयार की थी। अज्ञात लोगों ने रात में फसल नष्ट करने वाली दवा डाल दी। जिससे पूरी फसल बर्बाद हो गई। इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। जिससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पीडि़त किसान तहसील मुख्यालय पहुंचे और उपजिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
अराजकतत्वों ने जहरीली दवा डालकर नष्ट की तम्बाकू की फसल
