उन्नाव, समृद्धि न्यूज। लखनऊ कानपुर हाइवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक अंकित विमल (30) की मौत हो गई। यह घटना गहरा क्षेत्र के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई। अंकित विमल राम नगर, थाना कोतवाली, सदर के निवासी थे और कानपुर के लाल बंगले स्थित कल्याण ज्वेलर्स में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, अंकित विमल प्रतिदिन की तरह सुबह लगभग 10 बजे अपनी बाइक से कानपुर स्थित कार्यस्थल के लिए निकले थे। रास्ते में गहरा के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल अंकित को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अंकित विमल की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। उनकी पत्नी काजल नौ माह की गर्भवती हैं। इस आकस्मिक घटना से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का कहना है कि अंकित परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
