चोरों ने दुकान से पार कीं सरसों की बोरियां

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बुधवार रात चोरों ने एक दुकान से सरसों की बोरियां चुरा लीं। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने पीछे की दीवार में नकब लगा देखा। दुकान से लगभग 35 से 40 बोरी सरसों गायब मिली।
यह घटना गांव तुर्क ललैया निवासी अनुरूप कुमार पुत्र राकेश चंद्र राठौर की स्पेलर की दुकान पर हुई। अनुरूप बुधवार शाम को दुकान बंद करके घर गए थे। गुरुवार सुबह दुकान खोलने पर उन्हें चोरी का पता चला। दुकान में रखी 35 से 40 बोरी सरसों गायब थी। अनुरूप ने तुरंत आसपास के लोगों को चोरी की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। अनुरूप कुमार ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलने पर डायल 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। हल्का प्रभारी एसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है और वे मौके पर पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *