मार्ग दुर्घटना में घायल हुए दो लोगों ने तोड़ा दम

संकिसा, समृद्धि न्यूजू। मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव रुखैया खालिक दादपुर निवासी नमन पुत्र जितेंद्र की बुधवार सुबह 8:00 बजे मृत्यु हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि 21 मई 2025 को मेरा पुत्र नमन बाइक द्वारा अलीगंज बाजार करने जा रहा था कि तभी अमरोली पेट्रोल पंप के पास पीछे से फोर व्हीलर वाहन चालक ने टक्कर मार दी थी। जिससे मेरा पुत्र नमन गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस संबंध में थाना अलीगंज जिला एटा में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। घायल नमन का दो माह कानपुर मे इलाज चला। इसके बाद वहां से दिल्ली ले गए। दिल्ली से 14 जनवरी को छुट्टी करवा कर नमन को घर ले आए थे। बुधवार सुबह 8:00 बजे अचानक नमन की मृत्यु हो गई। वहीं बुधवार को मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला लाहौरी निवासी घनश्याम 32 वर्ष पुत्र रामशरन की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई उपेंद्र ने थाने में दर्ज कराई सूचना में कहा है कि 12 जनवरी को मेरा भाई घनश्याम ऑटो से बेवर जिला मैनपुरी गया था। बेवर कस्बा में अज्ञात रोडवेज बस चालक ने जोरदार टक्कर मार दी थी। जिससे मेरा भाई घनश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार हेतु मैनपुरी ले जाया गया था। मैनपुरी से सैफई के लिए रेफर कर दिया गया था। सैफई से छुट्टी करवाकर फर्रुखाबाद आवास विकास स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी उपचार के दौरान बुधवार 11:00 बजे मृत्यु हो गई। मेरापुर थाना प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *