उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। संडीला मार्ग पर गोसवा पुल के पास सीएनजी ऑटो और बाइक की टक्कर हुई। जिसमे युवक का तीन वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार लखनऊ जनपद के रहीमाबाद थाना क्षेत्र निवासी पवन 30 वर्ष पुत्र सियाराम जो गुरुवार को अपनी ससुराल बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के खभौली गांव आए थे। जिसके बाद दोपहर में वह अपने इकलौते पुत्र यश (3) वर्ष के साथ बाइक से घूमने निकले तभी ऑटो की टक्कर से पवन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा यश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
वही सीएनजी ऑटो में एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर में ऑटो में बैठे तीन अन्य यात्री घायल हो गए। जिसमें संडीला के जलालपुर निवासी 40 वर्षीय उमाशंकर, प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी 30 वर्षीय आसमा और बांगरमऊ के 7 वर्षीय रईयान शामिल हैं। सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद ऑटो चालक फरार हो गया। बेहटा मुजावर थाना पुलिस और बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मृतक की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उनका एक बेटा यश है। बेटे की गंभीर हालत और पवन की मौत से पत्नी प्रीति सहित पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस फरार ऑटो चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।
