अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। सडक़ के किनारे खड़े मासूम को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गयी। उपरोक्त घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बीती देर रात कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुदागंज निवासी लालाराम का परिवार मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए पास स्थित एक मंदिर में जा रहा था। लालाराम का ६ वर्षीय पुत्र भरत खुदागंज में सडक़ के किनारे खड़ा था, तभी फतेहगढ़ से गुरसहायगंज की ओर जा रहे ट्रक ने भरत को टक्कर मार दी। जिससे भरत गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को तुरंत कमालगंज सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर विकास पटेल ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां सीमा और भाई सुमित, शोभित, शक्ति, सत्यम गहरे सदमे में हैं। परिवार में शोक का माहौल है। कमालगंज थाना अध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने बताया कि खुदागंज चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *