उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कुसुम्भी गांव के बाहर सूखे तालाब के किनारे एक युवक का शव देख लोगो ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार बुधई 38 वर्ष पुत्र राजाराम की मौत की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। पत्नी राजरानी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह कभी शव से लिपट जातीं, कभी जमीन पर बैठकर चीखने लगतीं। वहीं तीनों बेटियां—कोमल, सोनम और गुड़िया—अपने पिता को झकझोर-झकझोर कर उठाने की कोशिश करती रहीं। मासूमों को शायद अभी यह एहसास ही नहीं था कि अब यह नींद कभी नहीं टूटेगी।
ग्रामीणों के अनुसार बुधई शराब का आदी था, जिसको लेकर परिवार में अक्सर तनाव रहता था। मौत को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर चलता रहा—कुछ लोगों ने बीमारी की आशंका जताई, तो कुछ ने अत्यधिक शराब सेवन को वजह बताया। सूचना मिलते ही अजगैन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
