पेयजल की व्यवस्था हुई चौपट

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमालगंज क्षेत्र में पिछले 27 घंटे से लाइट ना आने पर लगभग 325 गांवों में अंधेरा छाया है। गर्मी होने के कारण जहां एक तरफ लोग उमस से परेशान है वहीं मच्छरों का भी प्रकोप बढ़ रहा है। जिससे विभिन्न बीमारियां फैलने की संभावना बनी है। विद्युत आपूर्ति न होने पर ग्रामीणों ने इस संदर्भ में कर्मियों और विद्युत विभाग से फोन कर जानकारी करनी चाही तो किसी ने उठाया नहीं तो किसी का स्वीच ऑफ था। ग्रामीण जानना चाहते है कि आखिर हम लोगों के कब बल्ब जलेंगे और कब पंखा चलेंगे, लेकिन उन्हें कोई यह बताने वाला नहीं है। २७ घंटे बीत चुके है, लेकिन विभाग के किसी भी कर्मी ने जिस क्षेत्र में अंधेरा छाया है वहां पहुंचने की सुध नहीं ली। ऐसे में जहां एक तरफ बारिश व उमस भरी गर्मी से लोग परेशान है। हाथ के पंखे और लैम्प से काम चला रहे है। क्षेत्र में विद्युत के साथ-साथ जलापूर्ति भी पूरी तरह से बाधित हो गई है। जिन लोगों के घर हैण्डपंप नहीं है। उन्हें पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है और काफी दूर से पानी लाकर काम चला रहे है। रविवार को आखिर विभाग ने कर्मचारियों को विद्युत ठीक करने के लिए लगाया। वहीं देर शाम तक फाल्ट न मिलने के कारण आपूर्ति शुरु नहीं हो सकी थी। कर्मचारियों की माने तो जल्द आपूर्ति शुरु कर दी जायेगी।
