किसान की धारदार हथियार से हत्या से क्षेत्र में सनसनी

आलू के खेत में मिला खून से लथपथ शव, खुरपी बरामद
एएसपी व सीओ अमृतपुर ने पहुंचकर की बारीकी से जांच
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। आलू खोदने गये किसान का खेत में खून से लथपथ शव पड़ा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिंक टीम ने शव के पास से खुरपी बरामद की। जिस पर खून के निशान भी मिले। आशंका जतायी जा रही है कि उसी से उसकी हत्या की गयी है। इस हत्याकांड के बाद गांव में दहशत है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि 24 घंटे के भीतर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे थाने का घेराव करेंगे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई है। सूचना मिलने पर अमृतपुर सीओ व थानाध्यक्ष जहानगंज ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज के गांव बेहटा निवासी सुनील राजपूत (५०) पुत्र हेतराम शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अपने घर से आलू खोदने के लिए खेत पर निकले थे। जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटे, तो उनके छोटे भाई अनिल कुमार उन्हें देखने खेत पर पहुंचे। वहां का दृश्य देख अनिल के होश उड़ गए। सुनील का शव खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था। उसने घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलने पर जहानगंज थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, अमृतपुर सीओ कार्यालय के क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान शव के पास से एक खुरपी बरामद हुई है। जिस पर खून के निशान मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी औजार या किसी अन्य धारदार हथियार से वार कर हत्या को अंजाम दिया गया है। सीओ अजय वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इस हत्याकांड के बाद बेहटा गांव में दहशत के साथ.साथ भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि 24 घंटे के भीतर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे थाने का घेराव करेंगे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पुत्र अमन कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। पुुलिस ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *